Home राजनीतिक सपा के पांच उम्मीदवारों के ऐलान पर भड़के इमरान मसूद, गठबंधन की...

सपा के पांच उम्मीदवारों के ऐलान पर भड़के इमरान मसूद, गठबंधन की गंभीरता पर उठाए सवाल

16
0
Jeevan Ayurveda

anjanikhabar:

लखनऊ 
 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर बातचीत चल रही है. इसी बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पांच विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए. इस फैसले से कांग्रेस के भीतर नाराजगी बढ़ गई है. सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सपा के इस कदम पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर चर्चा जारी है, तो उम्मीदवारों के नाम एकतरफा घोषित करने की जरूरत क्या थी। 

Ad

बेहट और सहारनपुर ग्रामीण सीटों पर विवाद
सपा की घोषित सूची में सहारनपुर जिले की बेहट और सहारनपुर ग्रामीण विधानसभा सीटें भी शामिल हैं. इन दोनों सीटों पर कांग्रेस की दावेदारी मानी जा रही थी. ऐसे में सपा की ओर से प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जाने से दोनों दलों के बीच मतभेद सामने आ गए हैं. कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने इस फैसले को गठबंधन की भावना के खिलाफ बताया. उनका कहना है कि सीटों पर सहमति बनने से पहले इस तरह की घोषणा करना ठीक नहीं है। 

गठबंधन में बराबरी का सम्मान जरूरी
इमरान मसूद ने कहा कि कांग्रेस उन सीटों की मांग भी नहीं कर रही थी, जिन पर सपा ने अपने उम्मीदवार घोषित किए हैं. उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा, 'गठबंधन के अंदर सहयोगी होता है, भिखारी नहीं. हम सहयोगी बन सकते हैं, भिखारी नहीं.' उन्होंने कहा कि गठबंधन में दोनों दलों को एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए. अगर बातचीत के दौरान ही एक पार्टी अपने स्तर पर फैसले लेने लगेगी, तो फिर गठबंधन का क्या मतलब रह जाएगा। 

ओम प्रकाश राजभर ने निशाना साधा

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही बातचीत पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी या प्रियंका गांधी को मामले को लंबा खींचने के बजाय एक साथ बैठकर सीटों का बंटवारा अंतिम रूप देना चाहिए. दोनों दलों को तय कर लेना चाहिए कि कौन कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगा और इसके बाद चर्चा समाप्त करनी चाहिए. राजभर ने कहा कि अगर सहमति नहीं बनती है तो दोनों पार्टियां अलग-अलग चुनाव लड़ सकती हैं. इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद योगी आदित्यनाथ तीसरी बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। 

वहीं, अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए राजभर ने कहा कि वह घबराहट में हैं. उनके मुताबिक मुस्लिम मतदाता चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के गठबंधन की ओर जा रहे हैं. राजभर ने आरोप लगाया कि इसी राजनीतिक घबराहट में अखिलेश यादव ने गठबंधन की परवाह किए बिना पांच उम्मीदवारों की सूची घोषित कर दी. उन्होंने सपा की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ अखिलेश यादव अयोध्या में चक्र और त्रिशूल लेकर खड़े होते हैं, वहीं दूसरी तरफ पांच उम्मीदवारों की सूची में चार मुस्लिम प्रत्याशियों को जगह देते हैं। 

भाजपा के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने की बात
कांग्रेस सांसद ने कहा कि अगर दोनों दलों को भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ना है, तो उनका निशाना भाजपा होनी चाहिए, न कि गठबंधन में शामिल एक-दूसरे के साथी. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर कोई सेना दुश्मन से लड़ने जा रही हो और उसकी तोप का मुंह अपनी ही सेना की तरफ हो जाए, तो लड़ाई कैसे जीती जाएगी. इमरान मसूद ने कहा कि भाजपा के खिलाफ लड़ाई में राहुल गांधी अहम भूमिका निभा रहे हैं और विपक्षी दलों को मिलकर काम करना चाहिए। 

बैठकों के बीच उम्मीदवार घोषित करने पर सवाल
इमरान मसूद ने सीट बंटवारे को लेकर हो रही बैठकों और उनकी जानकारी सार्वजनिक होने पर भी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि जब दोनों दलों के बीच सीटों पर बातचीत चल रही है, तो फिर सूची जारी करने की इतनी जल्दबाजी क्यों है. अगर सपा को अपने उम्मीदवारों के नाम खुद ही घोषित करने हैं, तो फिर सीटों पर बैठक करने का क्या फायदा है. उन्होंने यह भी कहा कि गठबंधन की बातचीत से जुड़ी बातें सार्वजनिक करना उचित नहीं है। 

आलाकमान के फैसले के बाद उठाएंगे अगला कदम
सपा के रुख पर तंज कसते हुए इमरान मसूद ने कहा कि अगर कोई पार्टी गठबंधन की चिंता किए बिना अपने हिसाब से फैसले लेना चाहती है, तो उसे अलग चुनाव लड़ने पर विचार करना चाहिए. उन्होंने साफ किया कि आगे कांग्रेस क्या कदम उठाएगी, इसका फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा. फिलहाल सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है. पांच उम्मीदवारों की घोषणा के बाद अब दोनों दलों के बीच अगली बैठक और सीटों पर सहमति को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। 

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here