anjanikhabar:
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शरत चंद्र सक्सेना के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में 14 से 20 नवंबर तक आयोजित न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह 2026 का समापन शुक्रवार को विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय, पन्ना में विधिक जागरूकता प्रदर्शनी आयोजित की गई तथा आमजन को विधिक अधिकारों एवं निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बाइक जागरूकता रैली निकाली गई।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया गया। यह रैली जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय, पन्ना से प्रारंभ होकर अजयगढ़ चौराहा, प्राणनाथ चौक, गांधी चौक, सिविल लाइन एवं हॉस्पिटल चौक से होते हुए निर्धारित मार्ग से पुनः जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।
बाइक जागरूकता रैली का मुख्य उद्देश्य आमजन को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देना तथा नागरिकों को उनके विधिक अधिकारों एवं कर्त्तव्यों के प्रति जागरूक करना रहा। रैली के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि प्रत्येक व्यक्ति को न्याय प्राप्त करने का अधिकार है तथा आर्थिक अथवा सामाजिक रूप से कमजोर होने के कारण कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित नहीं रहना चाहिए। साथ ही आमजन को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, कानून का पालन करने तथा किसी भी प्रकार के शोषण अथवा अन्याय की स्थिति में विधिक सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।
*जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में विधिक जागरूकता प्रदर्शनी आयोजित*
इसी अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय, पन्ना में विधिक जागरूकता प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन को विभिन्न कानूनों, विधिक अधिकारों एवं कर्तव्यों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं के संबंध में सरल एवं प्रभावी माध्यम से जानकारी उपलब्ध कराना रहा।
प्रदर्शनी में विभिन्न विधिक विषयों से संबंधित जानकारी, प्रचार-प्रसार सामग्री एवं पुस्तिकाएं प्रदर्शित की गईं। इनके माध्यम से महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, श्रमिकों एवं समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों तथा उनके लिए उपलब्ध विधिक सहायता एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
प्रदर्शनी में समस्त न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण, आमजन, विधि महाविद्यालय के विद्यार्थी, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, जिला न्यायालय के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरालीगल वॉलंटियर्स एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा वहां प्रदर्शित विधिक सामग्री, पुस्तिकाओं एवं अन्य जानकारीपूर्ण साहित्य को पढ़कर विभिन्न कानूनी प्रावधानों एवं योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
*न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की रही सक्रिय सहभागिता*
उक्त कार्यक्रमों में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सहित जिला न्यायाधीश सुरेन्द्र मेश्राम, जिला न्यायाधीश अरविंद कुमार शर्मा, न्यायिक मजिस्ट्रेट राजकुमार गौड़, भूपेंद्र सिंह एवं कृष्णा बोहरा, जिला विधिक सहायता अधिकारी अतुल सेन एवं न्यायालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला न्यायाधीश एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पन्ना अवधेश कुमार श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर उन्होंने न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह अंतर्गत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग प्रदान करने वाले समस्त न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आमजन के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि न्यायोत्सव का उद्देश्य केवल एक सप्ताह तक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों, श्रमिकों, महिलाओं, बच्चों एवं जरूरतमंद व्यक्तियों तक विधिक जागरूकता पहुंचाना है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में विधिक जागरूकता का संदेश प्रसारित करें तथा लोगों को उनके अधिकारों एवं कर्त्तव्यों के प्रति जागरूक करें, ताकि किसी भी व्यक्ति का शोषण न हो और प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक न्याय एवं विधिक सहायता की पहुंच सुनिश्चित हो सके।
विधिक सेवा सप्ताह के दौरान आयोजित विधिक साक्षरता शिविरों, जागरूकता रैली, प्रदर्शनी एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक विधिक जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया गया। इन गतिविधियों ने आमजन को कानून के प्रति जागरूक करने, निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी देने तथा न्याय तक सबकी पहुंच सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।









