Home मध्य प्रदेश MP कर्मचारियों को बड़ी राहत, छठवें वेतनमान का DA 5% बढ़ा

MP कर्मचारियों को बड़ी राहत, छठवें वेतनमान का DA 5% बढ़ा

18
0
Jeevan Ayurveda

anjanikhabar:

भोपाल 

Ad

 मध्य प्रदेश सरकार ने सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) में बढ़ोतरी की है। सरकार ने चौथे वेतनमान के कर्मचारियों के डीए में 20 प्रतिशत अंक और पांचवें व छठवें वेतनमान के कर्मचारियों के डीए में 5-5 प्रतिशत अंक की वृद्धि की है।

वहीं, नगरीय निकायों के पेंशनर्स और परिवार पेंशनर्स की महंगाई राहत भी बढ़ाई गई है। इस फैसले से प्रदेश के करीब 35 हजार कर्मचारी और 18 हजार से अधिक पेंशनर्स यानी कुल 53 हजार से ज्यादा लोग लाभान्वित होंगे। सातवें वेतनमान के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता सरकार पहले ही बढ़ा चुकी है।

नवंबर की सैलरी में मिलेगा बढ़े हुए डीए का लाभ
वित्त विभाग के आदेश के मुताबिक, चौथे वेतनमान के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 1465 प्रतिशत से बढ़ाकर 1485 प्रतिशत कर दिया गया है। पांचवें वेतनमान में डीए 323 प्रतिशत से बढ़ाकर 328 प्रतिशत और छठवें वेतनमान में 257 प्रतिशत से बढ़ाकर 262 प्रतिशत किया गया है। ये नई दरें 1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगी। कर्मचारियों को बढ़े हुए महंगाई भत्ते का नकद लाभ नवंबर की सैलरी में मिलेगा। वहीं, जनवरी से सितंबर 2026 तक की अवधि का एरियर नवंबर, दिसंबर और जनवरी में तीन किस्तों में दिया जाएगा।

रिटायर और मृत कर्मचारियों के परिवारों को भी मिलेगा एरियर
मध्य प्रदेश सरकार के आदेश के अनुसार, जनवरी से सितंबर 2026 के बीच सेवानिवृत्त हुए या जिन कर्मचारियों की मृत्यु हो गई, उन्हें एरियर की राशि एकमुश्त दी जाएगी। इसके अलावा सरकार के उपक्रमों, निगमों, मंडलों और अनुदान प्राप्त संस्थाओं से प्रतिनियुक्ति पर आए चौथे और पांचवें वेतनमान के कर्मचारियों को भी बढ़े हुए डीए का लाभ मिलेगा।

नगरीय निकायों के पेंशनर्स की महंगाई राहत भी बढ़ी
नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने नगरीय निकायों के पेंशनर्स और परिवार पेंशनर्स की महंगाई राहत में भी वृद्धि की है। छठवें वेतनमान के पेंशनर्स की डीआर में 5 प्रतिशत अंक और सातवें वेतनमान के पेंशनर्स की डीआर में 2 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी की गई है। यह वृद्धि 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होगी। बढ़ी हुई महंगाई राहत मूल पेंशन के साथ 80 वर्ष या उससे अधिक उम्र के पेंशनर्स को मिलने वाली अतिरिक्त पेंशन पर भी लागू होगी।

परिवार पेंशन पाने वालों के लिए सरकार ने रखी शर्त
सरकारी आदेश में परिवार पेंशन पर महंगाई राहत को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की गई है। पति या पत्नी की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति पाने वाले व्यक्ति को परिवार पेंशन पर डीआर का लाभ नहीं मिलेगा। हालांकि, यदि पति या पत्नी की मृत्यु के समय संबंधित व्यक्ति पहले से सरकारी सेवा में कार्यरत था, तो उसे मिलने वाली परिवार पेंशन पर महंगाई राहत की पात्रता रहेगी। इस फैसले से हजारों कर्मचारियों और पेंशनर्स को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here