Home मध्य प्रदेश नर्मदा उद्गम मंदिर को मिलेगा मूल पौराणिक स्वरूप

नर्मदा उद्गम मंदिर को मिलेगा मूल पौराणिक स्वरूप

7
0
Jeevan Ayurveda

anjanikhabar:

संरक्षण और स्वच्छता के लिए बनी कार्ययोजना
जीरो डिस्चार्ज, नो कंस्ट्रक्शन जोन और जल की शुद्धता पर विशेष जोर
अतिक्रमण हटाने के साथ प्राचीन मंदिरों एवं सांस्कृतिक स्थलों का होगा संरक्षण

Ad

भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार अमरकंटक स्थित मां नर्मदा के उद्गम स्थल की धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। नर्मदा मंदिर (नर्मदा उद्गम) ट्रस्ट अमरकंटक की 21वीं सामान्य बैठक में नर्मदा उद्गम मंदिर के मूल पौराणिक स्थापत्य स्वरूप की पुनर्स्थापना, प्राचीन मंदिरों एवं सांस्कृतिक स्थलों का संरक्षण, उद्गम कुंड के जल की शुद्धता, जीरो डिस्चार्ज व्यवस्था और मंदिर परिसर को अतिक्रमण मुक्त बनाने सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। ट्रस्ट ने निर्णय लिया है कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बैठक में नर्मदा मंदिर (नर्मदा उद्गम) ट्रस्ट का वार्षिक आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया गया। वित्तीय पारदर्शिता और बेहतर प्रबंधन के लिए मासिक आय पंजी का नियमित संधारण करने का निर्णय लिया गया।

मंदिर को मिलेगा मूल पौराणिक स्वरूप
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में नर्मदा उद्गम मंदिर के मूल एवं पौराणिक स्थापत्य स्वरूप को पुनर्स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके लिए प्राचीन मंदिरों एवं सांस्कृतिक स्थलों का दस्तावेजीकरण कर उनका संरक्षण एवं संवर्धन किया जाएगा। मंदिर परिसर और माई की बगिया को भी उनके मूल स्वरूप के अनुरूप विकसित करने की योजना है। मंदिर के प्रवेश एवं निकास द्वारों को पारंपरिक पौराणिक स्थापत्य के अनुरूप भव्य एवं आकर्षक बनाया जाएगा। इन द्वारों पर काऊ कैचर लगाने का भी निर्णय लिया गया है।

जीरो डिस्चार्ज व्यवस्था और जल की शुद्धता सुनिश्चित होगी
नर्मदा उद्गम कुंड एवं स्नान क्षेत्र के जल की शुद्धता बनाए रखने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के माध्यम से प्रतिमाह जल के नमूनों की जांच कराई जाएगी। मंदिर परिसर से निकलने वाले जल और पूजन सामग्री का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन किया जाएगा। परिसर में जीरो डिस्चार्ज व्यवस्था लागू करने, प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाने और स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर भी सहमति बनी है।

अतिक्रमण हटेगा, नो कंस्ट्रक्शन जोन का होगा पालन
मंदिर एवं उद्गम क्षेत्र के आसपास अनधिकृत अतिक्रमण और सीमेंट-कंक्रीट से निर्मित संरचनाओं को चिन्हित कर चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा। मंदिर परिसर के आसपास नो कंस्ट्रक्शन जोन, धार्मिक मर्यादाओं और प्रतिबंधित गतिविधियों से संबंधित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही यातायात एवं आवागमन व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने तथा अमरकंटक सीवरेज योजना को सुदृढ़ बनाने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

माई की बगिया और कोटि तीर्थ घाट पर बढ़ेंगी सुविधाएं
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कोटि तीर्थ घाट के दोनों ओर शेड बनाए जाएंगे। माई की बगिया स्थित पूजा स्थल के मंडप शेड के चारों ओर ग्रिल लगाई जाएगी। मुख्य मंदिर की यज्ञशाला और माई की बगिया के धूना शेड की मरम्मत कराई जाएगी। माई की बगिया में रसोई शेड का निर्माण तथा पानी की सतत उपलब्धता के लिए पानी की टंकी स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया है।

श्री नर्मदा मंदिर (नर्मदा उद्गम) ट्रस्ट अमरकंटक की 21वीं सामान्य बैठक ट्रस्ट अध्यक्ष एवं शहडोल संभाग की कमिश्नर श्रीमती सुरभि गुप्ता ने ली। बैठक में शहडोल सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह, पुष्पराजगढ़ विधायक फुन्देलाल सिंह, कलेक्टर रत्नाकर झा, वन मंडलाधिकारी डेविड वेंकट राव चनाप, अनुविभागीय दंडाधिकारी पुष्पराजगढ़ वसीम अहमद भट्ट सहित ट्रस्ट के सदस्य उपस्थित रहे।

 

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here