Home छत्तीसगढ भाभी से अवैध संबंध का झूठा आरोप लगाना मानसिक क्रूरता, हाईकोर्ट ने...

भाभी से अवैध संबंध का झूठा आरोप लगाना मानसिक क्रूरता, हाईकोर्ट ने तलाक को रखा बरकरार

20
0
Jeevan Ayurveda

anjanikhabar:

बिलासपुर
 पति के अपनी भाभी (जेठानी) के साथ अवैध संबंध होने का आरोप लगाना पत्नी को भारी पड़ गया। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने इसे मानसिक क्रूरता मानते हुए पति को दिए गए तलाक के फैसले को बरकरार रखा है। कोर्ट ने कहा कि जीवनसाथी के चरित्र और वैवाहिक निष्ठा पर बिना किसी आधार के गंभीर आरोप लगाना मानसिक पीड़ा और यातना का कारण बन सकता है। इस आधार पर पत्नी की अपील खारिज कर दी गई।

Ad

मामले की सुनवाई जस्टिस पार्थ प्रीतम साहू और जस्टिस सुषमा सावंत की युगलपीठ में हुई। दुर्ग निवासी राहुल यादव ने पत्नी अंजली यादव के व्यवहार को मानसिक क्रूरता बताते हुए परिवार न्यायालय में तलाक का मामला दायर किया था। परिवार न्यायालय ने 21 दिसंबर 2023 को पति के पक्ष में तलाक की डिक्री पारित की थी। इसे पत्नी ने हाई कोर्ट में चुनौती दी थी।

क्या था पति का आरोप

    पति के अनुसार, शादी के बाद से ही पत्नी उसके माता-पिता, दिव्यांग बड़े भाई और भाभी के साथ दुर्व्यवहार करती थी। वह अलग रहने का दबाव बनाती थी और पति के माता-पिता के साथ रहने का विरोध करती थी। पति ने यह भी आरोप लगाया कि पत्नी और उसके पिता उसे ससुराल में घर जमाई बनकर रहने तथा उनके व्यवसाय में सहयोग करने के लिए दबाव डालते थे। पत्नी बाद में मायके चली गई और बार-बार प्रयास के बावजूद वापस नहीं लौटी।

    पति ने यह भी बताया कि पत्नी ने उसके और परिवार के सदस्यों के खिलाफ महिला थाने में शिकायत की थी। बाद में दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा से संबंधित मामले भी दर्ज कराए गए।

पत्नी ने कहा- पति ने ही घर से निकाला
पत्नी का पक्ष था कि पति ने उसे प्रताड़ित किया और 27 मई 2018 को बेटे के साथ मायके छोड़ दिया। उसने कहा कि वह पति के साथ रहना चाहती थी, लेकिन पति उसे वापस ले जाने के लिए तैयार नहीं था। उसका यह भी तर्क था कि पति ने वैवाहिक अधिकारों की बहाली के लिए कोई आवेदन नहीं दिया और उसके द्वारा की गई शिकायतों को मानसिक क्रूरता नहीं माना जा सकता।

हाई कोर्ट ने साक्ष्यों को माना महत्वपूर्ण
    हाई कोर्ट ने पाया कि पति और उसके पिता तथा भाई ने पत्नी के व्यवहार के संबंध में गवाही दी थी। उनकी जिरह में ऐसा कोई महत्वपूर्ण तथ्य सामने नहीं आया, जिससे उनकी गवाही अविश्वसनीय साबित हो।

    कोर्ट ने विशेष रूप से पति की जिरह के दौरान पत्नी की ओर से लगाए गए उस आरोप पर ध्यान दिया, जिसमें पति के अपनी भाभी के साथ अवैध संबंध होने की बात कही गई थी। कोर्ट ने कहा कि इस गंभीर आरोप का कोई प्रमाण या आधार रिकॉर्ड में नहीं है। बिना आधार के इस तरह के आरोप पति को गहरी मानसिक पीड़ा पहुंचा सकते हैं और मानसिक क्रूरता की श्रेणी में आते हैं।

    कोर्ट ने पत्नी और उसके पिता की जिरह में सामने आए तथ्यों को भी महत्वपूर्ण माना। इनमें पति द्वारा पत्नी के इलाज और प्रसव का खर्च उठाना तथा उसे वापस लाने के प्रयास शामिल थे। युगलपीठ ने कहा कि समग्र परिस्थितियों में पत्नी का आचरण सामान्य वैवाहिक विवादों तक सीमित नहीं था।

 

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here