Home छत्तीसगढ वर्किंग सीजन का पूरा उपयोग करने पीडब्लूडी तैयार, विभागीय सचिव ने निर्माणाधीन...

वर्किंग सीजन का पूरा उपयोग करने पीडब्लूडी तैयार, विभागीय सचिव ने निर्माणाधीन और स्वीकृत पुलों एवं राष्ट्रीय राजमार्गों के कार्यों की समीक्षा की

12
0
Jeevan Ayurveda

anjanikhabar:

रायपुर

Ad

लोक निर्माण विभाग के सचिव  मुकेश कुमार बंसल ने आज सेतु परिक्षेत्र और राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के अधिकारियों एवं ठेकेदारों की बैठक लेकर प्रदेशभर में निर्माणाधीन तथा स्वीकृत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बरसात की समाप्ति के बाद वर्किंग सीजन का पूर्ण उपयोग करते हुए निर्माणाधीन कार्यों के साथ ही स्वीकृत नए कार्यों को भी पूरी तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी मार्च तक 100 पुलों के निर्माण पूर्ण कर आवागमन के लिए खोलना है। उन्होंने इसके लिए सभी ठेकेदारों को कार्यस्थलों पर पर्याप्त निर्माण सामग्री, मशीनरी और मानव संसाधन सुनिश्चित करने को कहा।

लोक निर्माण विभाग के सचिव ने नवा रायपुर में पीडब्लूडी मुख्यालय 'निर्माण भवन' में आयोजित बैठक में निर्माणाधीन पुलों एवं राष्ट्रीय राजमार्गों की कार्यवार समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यस्थलों पर पूरी गति से कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को सभी समस्याओं का तत्परता से निराकरण कर कार्यस्थलों को ठेकेदारों को सौंपने कहा, ताकि वे पूरी क्षमता से कार्यों को गति दे सके। उन्होंने कहा कि फील्ड में कार्यों की कड़ाई से मॉनिटरिंग की जाएगी। वे स्वयं कार्यस्थलों पर जाकर औचक निरीक्षण करेंगे। टाइमलाइन और मानकों के अनुरूप कार्य नहीं होने पर अधिकारियों एवं ठेकेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।

 बंसल ने चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 की समाप्ति तक निर्माण कार्यों की अच्छी भौतिक और वित्तीय प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूरे करने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने निर्माण कार्यों के पूर्ण होते ही सभी दस्तावेजीकरण, जीएसटी, सेटलमेंट और तकनीकी प्रक्रियाओं को पूर्ण कर ठेकेदारों को अंतिम भुगतान कर टेंडर क्लोज करने के निर्देश दिए। 

विभागीय सचिव ने राष्ट्रीय राजमार्गों के नए कार्यों को जल्द प्रारंभ करने भू-अर्जन, वन व्यपवर्तन, यूटीलिटी शिफ्टिंग और पेड़ों की कटाई की कार्यवाही तत्परता से करने को कहा। उन्होंने प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त कार्यों की निविदा प्रक्रिया और कार्यादेश की भी जानकारी ली। उन्होंने कार्यपालन अभियंताओं और अनुविभागीय अधिकारियों को वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता  वी.के. भतपहरी, अपर सचिव  एस.एन. वास्तव, सेतु परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता  एस.के. कोरी और राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता  ज्ञानेश्वर कश्यप सहित दोनों परिक्षेत्रों के सभी अधीक्षण अभियंता तथा कार्यपालन अभियंता समीक्षा बैठक में मौजूद थे।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here