Home ट्रेंडिंग बिना तंदूर, मैदा और यीस्ट के घर पर बनाएं स्वादिष्ट हेल्दी आटा...

बिना तंदूर, मैदा और यीस्ट के घर पर बनाएं स्वादिष्ट हेल्दी आटा तंदूरी नान।

10
0
Jeevan Ayurveda

जब भी कोई रेस्टोरेंट या ढाबे में खाना खाने जाता है, तो तंदूरी नान जरूर ऑर्डर करता है. शायद ही कोई हो जो गरमा-गरम तंदूरी नान ऑर्डर न करें. मुलायम, हल्का क्रिस्पी और मक्खन से लबालब तंदूरी नान का स्वाद हर किसी को पसंद आता है. लेकिन जब बात घर पर तंदूरी नान बनाने की आती है, तो ज्यादातर लोग आलस कर जाते हैं. दरअसल, वो सोचते हैं कि इसके लिए तंदूर, यीस्ट और मैदा की जरूरत होगी. वहीं, कई लोग सेहत का ध्यान रखते हुए मैदा से बनी चीजें खाने से भी बचते हैं.

अगर आप भी उन्हीं लोगों में शामिल हैं जो तंदूरी नान घर पर बनाने में आलस करते हैं, तो आपके लिए एक अच्छी खबर है. आज हम आपको तंदूरी नान बनाने का एक ऐसा तरीका बताने वाले हैं, जिसमें आपको ना तंदूर की जरूरत पड़ेगी और ना ही यीस्ट या मैदा की. जी हां, अब आप बिना मैदा, बिना यीस्ट और बिना तंदूर के भी घर पर बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसा सॉफ्ट और स्वादिष्ट तंदूरी नान बना सकते हैं. इसके लिए आपको सिर्फ गेहूं का आटा और एक साधारण लोहे का तवा चाहिए होगा. खास बात ये है कि इसका स्वाद बिल्कुल रेस्टोरेंट और ढाबे जैसा होगा. चलिए जानते हैं बिना तंदूर और मैदा के घर पर हेल्दी और टेस्टी आटा तंदूरी नान कैसे बना सकते हैं.

Ad

घर पर आटा तंदूरी नान बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?
    2 कप गेहूं का आटा
    ½ कप ताजा दही
    ½ छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर
    ¼ छोटा चम्मच बेकिंग सोडा
    1 छोटा चम्मच चीनी
    स्वादानुसार नमक
    2 बड़े चम्मच तेल या पिघला हुआ घी
    कलौंजी और बारीक कटा हरा धनिया
    ऊपर से लगाने के लिए बटर या देसी घी

बनाने का तरीका:
1. एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा लें. इसमें नमक, चीनी, बेकिंग पाउडर और बेकिंग सोडा डालकर अच्छी तरह मिला दें. अब दही और तेल डालें और गुनगुने पानी की मदद से सॉफ्ट और लचीला आटा गूंथ लें. ध्यान रखें कि आटा ज्यादा टाइट न हो, तभी नान मुलायम बनेगी.

2. रोटी हो या नान तभी अच्छी और मुलायम बनती हैं, जब आप आटा गूंथने के बाद उसे थोड़ी देर रेस्ट करने के लिए रखे. ऐसे में नान के लिए गूंथे आटे पर थोड़ा सा तेल या घी लगाकर उसे गीले कपड़े से ढक दें. इसे लगभग 30 से 45 मिनट तक किसी गर्म जगह पर रख दें. इससे आटा अच्छी तरह सेट हो जाएगा और बिना यीस्ट के भी नान फूली-फूली बनेंगी.

3. जब आटा अच्छे से रेस्ट कर ले तब उसकी मीडियम शेप की लोइयां बनाएं. हल्का सूखा आटा लगाकर इन्हें थोड़ा मोटा और लंबा बेल लें. ऊपर से कलौंजी और बारीक कटा हरा धनिया छिड़कें और बेलन से हल्का दबा दें ताकि ये सेंकने के वक्त हटे नहीं और अच्छी तरह चिपक जाएं.

4. नान की एक तरफ थोड़ा पानी लगाएं. अब लोहे का तवा अच्छी तरह गर्म करें और पानी वाली साइड को तवे पर चिपका दें. कुछ ही सेकंड में नान पर छोटे-छोटे बुलबुले दिखाई देने लगेंगे. इन बुलबुलों को देखकर घबराना नहीं है. ये बताते हैं कि नान सही तरीके से पक रही है.

5. जब नान नीचे से पक जाए, तो तवे को ध्यान से उल्टा करके गैस की सीधी आंच पर रखें. तवे को हल्का-हल्का घुमाते रहें ताकि नान पर तंदूर जैसी सुनहरी और हल्की जली हुई परत आ जाए.

6. तैयार नान को तवे से उतारते ही उस पर बटर या देसी घी लगाएं. आप इसे दाल मखनी, शाही पनीर, कड़ाही पनीर या अपनी पसंद की किसी भी ग्रेवी वाली सब्जी के साथ खा सकते हैं.

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here