Home खेल हरमनप्रीत की टीम नए जोश से तैयार, गेंदबाजी कोच साल्वी बोले- हर...

हरमनप्रीत की टीम नए जोश से तैयार, गेंदबाजी कोच साल्वी बोले- हर चुनौती के लिए भूखी है भारत

14
0
Jeevan Ayurveda

नई दिल्ली
भारतीय महिला क्रिकेट टीम के गेंदबाजी कोच अविष्कार साल्वी ने दावा किया है हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम अब पूरी तरह बदल चुकी है। कोच साल्वी का मानना है कि यह टीम हर देश और हर टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए भूखी है। टीम इंडिया ने इंग्लैंड एंड वेल्स में जारी आईसीसी महिला टी20 विश्व कप में अपने दोनों मैच जीते हैं, जिसमें उसने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 64 रनों से और नीदरलैंड को 95 रनों से हराया है। हालांकि, भारतीय टीम की असली परीक्षा आज यानी रविवार 21 जून से शुरू होगी, क्योंकि आज भारतीय टीम का सामना दक्षिण अफ्रीका से होना है और फिर 28 जून को हरमन की टीम को ऑस्ट्रेलिया से भिड़ना होगा। इसके बीच एक साधारण मुकाबला भी है, जो 25 जून को बांग्लादेश के खिलाफ है।

साल्वी ने कहा कि हरमनप्रीत की कप्तानी वाली टीम अब अधिक आत्मविश्वास से भरी है, विशेषकर पिछले साल घरेलू मैदान पर एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय विश्व कप जीतने के बाद। साल्वी ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच से पहले कहा, ''पिछले ढाई साल से इस सिस्टम का हिस्सा रहने के दौरान मैंने देखा है कि यह टीम जहां भी जाती है और जो भी टूर्नामेंट खेलती है वहां अच्छा प्रदर्शन करने के लिए बहुत भूखी रहती है। वे ना केवल अच्छा प्रदर्शन करने के लिए, बल्कि कड़ी मेहनत करने और अपने खेल को अलग स्तर पर ले जाने के लिए भी बहुत भूखे हैं। अतीत में जो कुछ भी हुआ है, हम उस पर अधिक ध्यान नहीं देते।''

Ad

उन्होंने आगे कहा, ''सभी लड़कियां हर दिन कुछ नया सीखना चाहती हैं और अपने खेल को अगले स्तर पर ले जाना चाहती हैं।'' साल्वी टूर्नामेंट में भारत की शुरुआत से काफी खुश हैं। उन्होंने कहा, ''मुझे लगता है कि शुरुआत के लिए यह एक अच्छी लय है। जिस तरह से तैयारियां हुईं और हमने दो जीत हासिल कीं, उसके साथ ही मैच का अनुभव मिलना भी बहुत जरूरी था।''

साल्वी ने कहा, ''पाकिस्तान के खिलाफ मैच अहम था। नीदरलैंड के खिलाफ मैच भी उतना ही अहम था क्योंकि जब आप विश्व चरण का टूर्नामेंट खेल रहे होते हैं तो अंक और नेट रन रेट के लिहाज से लीग चरण के सभी मैच बराबर अहम हो जाते हैं। उन जीतों को हासिल करना अच्छा रहा।'' भारत को स्पिनर श्रेयंका पाटिल की कमी खलेगी जो टखने की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं लेकिन साल्वी का मानना ​​है कि भारत के गेंदबाजी क्रम में श्रेयंका की कमी को पूरा करने के लिए काफी दमखम है।

उन्होंने टीम में श्रेयंका की जगह लेने वाली लेग स्पिनर प्रेमा रावत पर भी भरोसा जताया। साल्वी ने कहा, ''श्रेयंका का चोटिल होना दुर्भाग्यपूर्ण है और वह टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। हां, हमें श्रेयंका की कमी खलेगी लेकिन प्रेमा भी उतनी ही शानदार प्रतिभा हैं। उन्होंने अतीत में मिले मौकों पर अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्हें पता है कि कैसे खेलना है।'' साल्वी ने कप्तान हरमनप्रीत कौर की जमकर तारीफ की और उन्हें एक आदर्श बताया।

'हरमन टॉप प्लेयर हैं'
उन्होंने कहा, ''हरमन एक शीर्ष स्तर की खिलाड़ी है। वह दुनिया भर की महिला क्रिकेटरों के लिए एक आदर्श हैं। पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने हर प्रारूप में अच्छा प्रदर्शन किया है, वह काबिलेतारीफ है। कल वह अपना 200वां मैच खेलेंगी जो एक बड़ी बात है और हम सभी उन्हें खेलते हुए देखने के लिए उत्साहित हैं।''

साल्वी ने कल के मैच के लिए एकादश को लेकर खुलासा करने से इनकार कर दिया और कहा कि वे कई चीजों को ध्यान में रखकर फैसला लेंगे। गेंदबाजी कोच ने बाएं हाथ की स्पिनर राधा यादव का भी समर्थन किया और कहा कि जब भी उन्हें मौका मिलेगा वह अच्छा प्रदर्शन करेंगी।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here