Home राजनीतिक रायबरेली में शून्य, अमेठी में एक सीट का प्रस्ताव, सपा ने कांग्रेस...

रायबरेली में शून्य, अमेठी में एक सीट का प्रस्ताव, सपा ने कांग्रेस को दिया झटका

9
0
Jeevan Ayurveda

anjanikhabar:

रायबरेली 

Ad

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत जारी है, लेकिन दोनों दलों के बीच सीटों की संख्या को लेकर बड़ा अंतर सामने आया है. कांग्रेस जहां 130 सीटों की मांग कर रही है, वहीं सपा की तरफ से महज 26 सीटों का प्रस्ताव दिया गया है. सपा के प्रस्ताव में कांग्रेस को गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली और अमेठी में ही भाव नहीं दिया जा रहा है। 

सपा और कांग्रेस मिलकर बीजेपी के खिलाफ चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन सीट बंटवारे पर सहमति नहीं बन पा रही है. कांग्रेस अपनी राजनीतिक हैसियत और 2024 के लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन के आधार पर ज्यादा सीटें चाहती है, जबकि सपा 2022 के विधानसभा चुनाव के नतीजों के आधार पर सीटों का बंटवारा करना चाहती है। 

उत्तर प्रदेश में सपा ने कांग्रेस को जिन 26 सीटों को देने का फैसला किया है, उसमें रायबरेली की एक भी सीट नहीं है, जबकि अमेठी जिले की सिर्फ एक सीट जगदीशपुर देने की पेशकश है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या अखिलेश यादव कांग्रेस को उसके सबसे बड़े राजनीतिक गढ़ में भी जगह देने को तैयार नहीं हैं?

सपा ने कांग्रेस को दी इन 26 सीट का ऑफर
सपा ने कांग्रेस को यूपी में 26 सीट देने का प्लान बनाया है. इसमें रामपुर खास, फरेंदा, मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर, किदवई नगर, बागपत, मोदीनगर, हापुड़, जेवर, स्याना, खुर्जा, खैर, इगलास, मांट, आगरा उत्तर, फतेहपुर सीकरी, बिलग्राम-मल्लावां, गोविंद नगर, नानपारा, गोरखपुर शहर, खजनी, पडरौना, फाजिलनगर, पिंडरा और वाराणसी कैंट सीट शामिल है। 

गांधी परिवार के गढ़ में कांग्रेस को झटका?
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस मिलकर बीजेपी के खिलाफ चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं, लेकिन सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों की प्राथमिकताएं अलग-अलग दिखाई दे रही हैं. कांग्रेस ने पहले 181 सीटों की लंबी सूची सपा को सौंपी थी. इसके बाद पार्टी ने अपनी मांग घटाकर करीब 130 सीटों तक सीमित कर दी, लेकिन सपा की ओर से कांग्रेस को सिर्फ 26 सीटों का प्रस्ताव दिया गया है। 

सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने मंगलवार को समन्वय समिति की बैठक से पहले कहा कि सपा ने कांग्रेस को 26 सीटें दे दी हैं. इसमें 2 जीती हुई और 4 सीटों पर दूसरे नंबर पर कांग्रेस रही है. इसके अलावा अन्य 20 सीटो पर सपा को 60-70 हजार वोट मिले और कांग्रेस को 2000 वोट मिले. इसके बावजूद हम वो सीटें कांग्रेस को दे रहे हैं। 

रायबरेली-अमेठी की दस में से सिर्फ एक सीट
सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे में सबसे ज्यादा चर्चा रायबरेली और अमेठी को लेकर हो रही है. ये दोनों जिले गांधी परिवार की राजनीतिक पहचान से जुड़े रहे हैं. इसे गांधी परिवार का गढ़ भी माना जाता है. रायबरेली से राहुल गांधी लोकसभा सांसद हैं, जबकि अमेठी लंबे समय तक गांधी परिवार का संसदीय क्षेत्र रहा है. अमेठी से गांधी परिवार के करीबी केएल शर्मा सांसद है।

कांग्रेस इन दोनों जिलों की सभी 10 विधानसभा सीटों में से 8 सीटो पर अपना दावा कर रही है. पार्टी का मानना है कि गांधी परिवार के इन पारंपरिक क्षेत्रों में उसे चुनाव लड़ने का अवसर मिलना चाहिए. लेकिन सपा के प्रस्ताव में कांग्रेस को रायबरेली की एक भी विधानसभा सीट देने की बात सामने नहीं आई है। 

वहीं, अमेठी जिले में कांग्रेस को सिर्फ जगदीशपुर विधानसभा सीट देने का प्रस्ताव बताया जा रहा है. जिन दो जिलों को कांग्रेस अपनी राजनीतिक विरासत और पहचान से जोड़कर देखती है, वहां सपा की तरफ से उसकी दावेदारी को सीमित करने की कोशिश दिखाई दे रही है। 

रायबरेली की 6 सीटों पर सपा का अपना हिसाब
रायबरेली जिले में कुल छह विधानसभा सीटें हैं. इनमें बछरावां, हरचंदपुर, रायबरेली सदर, सरेनी, ऊंचाहार और सलोन शामिल हैं. 2022 के विधानसभा चुनाव में इन छह सीटों में से चार सीटो पर सपा और दो सीटों पर बीजेपी ने जीत दर्ज की थी. बछरावां, हरचंदपुर, ऊंचाहार और सरेनी सीट सपा के खाते में गई थी, जबकि रायबरेली सदर और सलोन बीजेपी के उम्मीदवारों ने जीत हासिल की थी. सलोन सीट पर सपा बहुत मामूली वोटों से हार गई थी. ऊंचाहार से सपा के टिकट पर जीते मनोज पांडे बाद में बीजेपी में शामिल हो गए थे। 

यही वजह है कि सपा रायबरेली की सीटों पर अपना दावा छोड़ने के मूड में नहीं दिख रही है. सपा का तर्क है कि जिन सीटों पर उसके उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है, उन्हें कांग्रेस के लिए छोड़ना आसान नहीं है. दूसरी तरफ, कांग्रेस का तर्क है कि रायबरेली में राहुल गांधी की संसदीय मौजूदगी और गांधी परिवार से जुड़ाव को देखते हुए पार्टी यहां चुनाव लड़ना चाहती है. इसके लिए कांग्रेस ने स्वामी प्रसाद मौर्य को भी अपने साथ मिला लिया है, क्योंकि उनका राजनीतिक आधार भी रायबरेली में है। 

अमेठी में भी कांग्रेस को सिर्फ जगदीशपुर!
अमेठी जिले की चार विधानसभा सीटों में अमेठी, गौरीगंज, जगदीशपुर और तिलोई शामिल हैं. 2022 के विधानसभा चुनाव में इनमें से दो सीटों पर सपा और दो सीटों पर बीजेपी ने जीत दर्ज की थी. अमेठी और गौरीगंज सीट पर सपा के उम्मीदवार जीते थे, जबकि जगदीशपुर और तिलोई बीजेपी के खाते में गई थीं। 

सपा की ओर से कांग्रेस को अमेठी जिले में सिर्फ जगदीशपुर सीट देने का प्रस्ताव दिया गया. यह वही जगदीशपुर सीट है, जहां कांग्रेस के पास पहले भी मजबूत सियासी इतिहास रहा है. लेकिन अमेठी और गौरीगंज जैसी सीटों पर कांग्रेस की दावेदारी को सपा की तरफ से जगह मिलती नहीं दिख रही है. कांग्रेस की मुश्किल यह है कि वह अमेठी और रायबरेली को सिर्फ दो जिलों के तौर पर नहीं देखती, बल्कि इन्हें अपनी राजनीतिक पहचान और संगठनात्मक विरासत का हिस्सा मानती है। 

130 बनाम 26, कैसे बनेगी गठबंधन की तस्वीर?

कांग्रेस की 130 सीटों की मांग और सपा के 26 सीटों के प्रस्ताव के बीच बड़ा अंतर है. सपा की तरफ से दिए गए प्रस्ताव में कांग्रेस की 2022 की जीती हुई सीटों, कुछ ऐसी सीटों जहां पार्टी दूसरे स्थान पर रही थी और अन्य विधानसभा क्षेत्रों को शामिल किए जाने की बात सामने आई है. सपा का जोर इस बात पर है कि कांग्रेस जिन सीटों पर दावा कर रही है, वहां उसके पास मजबूत उम्मीदवार और जीतने की क्षमता का आधार क्या है. वहीं कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव में अपने प्रदर्शन को आधार बनाकर ज्यादा सीटें मांग रही है। 

कांग्रेस का तर्क है कि लोकसभा चुनाव में सपा के साथ गठबंधन का उसे फायदा मिला और पार्टी ने छह सीटों पर जीत दर्ज की. ऐसे में विधानसभा चुनाव में भी उसे सम्मानजनक हिस्सेदारी मिलनी चाहिए. दूसरी तरफ सपा 2022 के विधानसभा चुनाव में अपने प्रदर्शन को आधार बना रही है. पार्टी के सामने अपने मौजूदा विधायकों की सीटें बचाने और कांग्रेस की मांग के बीच संतुलन बनाने की चुनौती है। 

गांधी परिवार के गढ़ में नहीं चलेगा कांग्रेस का दावा?
सपा के 26 सीटों के प्रस्ताव में रायबरेली में जीरो और अमेठी में सिर्फ जगदीशपुर सीट देने की बात कांग्रेस के लिए अहम राजनीतिक संदेश के तौर पर देखी जा रही है. हालांकि, भले इसे अभी अंतिम सीट बंटवारा नहीं माना जा रहा हो, लेकिन सपा ने प्रेशर पॉलिटिक्स का दांव चल दिया है. दोनों दलों के बीच बातचीत जारी है और प्रस्ताव में बदलाव की गुंजाइश बनी हुई है। 

सपा और कांग्रेस के बीच सीटों का गणित उलझा हुआ है. लेकिन इतना साफ है कि गठबंधन की असली परीक्षा रायबरेली और अमेठी जैसी सीटों पर ही होने वाली है, जहां कांग्रेस अपनी राजनीतिक विरासत का हवाला दे रही है और सपा पिछले चुनाव के नतीजों के आधार पर अपना दावा मजबूत कर रही है। 

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या कांग्रेस रायबरेली और अमेठी में अपनी दावेदारी छोड़ने को तैयार होगी? क्या अखिलेश यादव इन दोनों जिलों में कांग्रेस को कुछ और सीटें देने पर सहमत होंगे? और क्या 130 सीटों की मांग करने वाली कांग्रेस 26 सीटों के प्रस्ताव से संतुष्ट होगी?

 

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here