Home राज्य मेरठ में पहली बार मेगा पूर्व सैनिक रैली, 3 हजार पूर्व सैनिकों...

मेरठ में पहली बार मेगा पूर्व सैनिक रैली, 3 हजार पूर्व सैनिकों से रूबरू होंगे सीएम योगी

21
0
Jeevan Ayurveda

anjanikhabar:

 मेरठ
 देश की सरहदों की रक्षा में अपना जीवन खपा देने वाले सैनिकों की समस्याएं सुनने और उनके सम्मान में मेरठ में पहली बार इस स्तर की मेगा पूर्व सैनिक रैली आयोजित होने जा रही है। शनिवार 14 नवंबर को मेरठ कैंट स्थित कुलवंत सिंह स्टेडियम में होने वाली इस रैली में करीब 2500 से 3000 पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और बलिदानी सैनिकों की विधवाओं के पहुंचने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस दौरान पूर्व सैनिकों से रूबरू होंगे और अपने मन की कहने के साथ ही उनके मन की बात सुनेंगे। पेंशन, बैंकिंग, दस्तावेजों और अन्य कल्याणकारी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सेना और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

Ad

भारतीय सेना के सूर्य कमांड की अगुवाई में पश्चिम उत्तर प्रदेश सब एरिया की ओर से आयोजित इस रैली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मध्य कमान के जनरल आफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल संजय मित्रा भी शामिल होंगे। शनिवार सुबह 11 बजे शुरू होने वाली रैली में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के पहुंचने की संभावना है।

रैली का उद्देश्य केवल पूर्व सैनिकों की समस्याओं का समाधान करना नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा में उनके योगदान, शौर्य और बलिदान को सम्मान देना भी है। पूर्व सैनिक रैली के आयोजन की अंतिम तैयारी और सुरक्षा देखने के लिए शुक्रवार को पश्चिम उत्तर प्रदेश सब एरिया के जनरल आफिसर कमांडिंग मेजर जनरल सुमित राणा और स्टेशन कमांडर के साथ जिलाधिकारी और एसएसपी ने भी स्थलीय निरीक्षण किया।

एक ही छत के नीचे सुलझेंगी पेंशन और बैंकिंग की समस्याएं
रैली में पूर्व सैनिकों की पेंशन संबंधी शिकायतों के निस्तारण के लिए पीसीडीए (पेंशन), बैंकों, डीपीडीओ और जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। पूर्व सैनिकों को अपनी समस्याएं सीधे संबंधित अधिकारियों के सामने रखने और समाधान प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। नई पेंशन प्रणाली के तहत स्पर्श पोर्टल पर पंजीकरण और जीवन प्रमाणपत्र जमा करने से जुड़ी जानकारी भी दी जाएगी।

सेवानिवृत्ति के बाद रोजगार के अवसरों पर भी चर्चा
रैली में पूर्व सैनिकों के पुनर्वास और रोजगार को लेकर भी विशेष पहल की जाएगी। आरएसबी, एडब्ल्यूपीओ लखनऊ और यूपीपीएसकेएनएल के प्रतिनिधि सेवानिवृत्ति के बाद रोजगार के उपलब्ध अवसरों की जानकारी देंगे। इसके अलावा पूर्व सैनिकों को कैंटीन सुविधा, चिकित्सा एवं लैब सुविधाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। बैंकिंग से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए भी संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी रहेगी।

वीर नारियों और बलिदानियों के परिवारों का होगा सम्मान
रैली में वीर नारियों और बलिदान सैनिकों की विधवाओं की समस्याओं और जरूरतों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। सेना का प्रयास है कि जिन सैनिकों ने देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, उनके परिवारों को सम्मान और कल्याणकारी सुविधाओं के लिए भटकना न पड़े। रैली के बाद दोपहर के भोजन की व्यवस्था भी की गई है।

सेना की इस पहल को 'एक बार सैनिक, हमेशा सैनिक' की भावना से जोड़कर देखा जा रहा है। सेवानिवृत्ति के बाद भी सेना और उसके जवानों के बीच संबंध कायम रहते हैं। मेरठ में आयोजित होने वाली यह मेगा रैली इसी भरोसे को मजबूत करने के साथ पूर्व सैनिकों को अपनी समस्याएं सीधे शीर्ष नेतृत्व और संबंधित विभागों तक पहुंचाने का अवसर देगी।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here