Home राज्य स्वदेशी ड्रोन से आसमान में साकार हुई रामकथा, मोबाइल कैमरों में यादगार...

स्वदेशी ड्रोन से आसमान में साकार हुई रामकथा, मोबाइल कैमरों में यादगार पल कैद करते रहे लोग

15
0
Jeevan Ayurveda

anjanikhabar:

अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित दीपोत्सव-2026 में रामनगरी ने भव्यता, आधुनिक तकनीक और सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। राम की पैड़ी पर आयोजित स्वदेशी ड्रोन शो में पूरा आसमान रामायण के प्रसंगों से जगमगा उठा। प्रभु श्रीराम की वीर मुद्रा, रावण वध, पुष्पक विमान और राम दरबार की आकृतियां आसमान में उभरीं तो वहां मौजूद श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर निहारते रह गए। किसी ने तालियां बजाकर खुशी जाहिर की तो कोई मोबाइल कैमरे में इन अद्भुत दृश्यों को कैद करते दिखाई दिया। 

Ad

आधुनिक तकनीक के जरिए रामायण के प्रसंगों को जीवंत अंदाज में प्रस्तुत करने की इस पहल ने लोगों को आस्था और सांस्कृतिक गौरव से जोड़ दिया। आसमान में रोशनी और रंगों से बनती आकृतियों के बीच राम की पैड़ी जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजती रही। परिवार के साथ पहुंचे लोग एक-दूसरे को आसमान में उभरती आकृतियां दिखाते और तस्वीरें खींचते नजर आए। दीपोत्सव की इस भव्य प्रस्तुति ने रामनगरी पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए उत्सव को यादगार बना दिया।

स्वदेशी ड्रोन ने जीवंत किए रामायण के प्रमुख प्रसंग
राम की पैड़ी पर ड्रोन की रोशनी से आसमान में रामायण के कई प्रमुख प्रसंग साकार हुए। प्रभु श्रीराम की वीर मुद्रा, रावण वध और पुष्पक विमान की आकर्षक आकृतियों ने दर्शकों का ध्यान खींचा। लक्ष्मण और हनुमान की वीर मुद्राओं के साथ राम दरबार और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की भव्य छवि भी आसमान में दिखाई दी। रामकथा को पीढ़ियों तक पहुंचाने वाले महर्षि वाल्मीकि और गोस्वामी तुलसीदास की आकृतियों ने भी लोगों को आकर्षित किया। एक के बाद एक उभरते दृश्यों के साथ दर्शकों का उत्साह बढ़ता गया। आधुनिक तकनीक के माध्यम से रामायण की कथा को इस तरह प्रस्तुत करने की लोगों ने सराहना की।

मोबाइल कैमरों में कैद किए यादगार पल, बच्चों से बुजुर्गों तक दिखा उत्साह
ड्रोन शो शुरू होते ही राम की पैड़ी पर मौजूद लोगों की नजरें आसमान पर टिक गईं। रंग-बिरंगी रोशनी से बनती आकृतियों को देखकर लोग रोमांचित नजर आए। कई लोग अपने बच्चों और परिजनों को आसमान में उभरती रामायण की छवियां दिखाते रहे। वहीं, युवा तस्वीरें और वीडियो बनाने में जुटे रहे। हर खास दृश्य पर तालियां गूंजती रहीं। लोगों के चेहरों पर खुशी और आश्चर्य का भाव साफ दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने कहा कि आस्था और आधुनिक तकनीक का ऐसा संगम दीपोत्सव को और खास बना रहा है।

ड्रोन शो बेहद आकर्षक रहा
यश सोनकर ने कहा कि राम की पैड़ी पर इस तरह का भव्य आयोजन देखना शानदार अनुभव रहा। आसमान में रोशनी से बनते अलग-अलग दृश्य देखकर मन प्रसन्न हो गया। अमन ने बताया कि ड्रोन शो बेहद आकर्षक रहा। लोगों का उत्साह देखकर लगा कि पूरा अयोध्या उत्सव में डूबा हुआ है। उन्होंने मोबाइल में आयोजन के कई खास पलों को रिकॉर्ड किया, ताकि इन यादों को दोबारा देख सकें। अयोध्या निवासी छवि ने कहा कि रामनगरी में दीपोत्सव का माहौल बेहद खूबसूरत रहा। राम की पैड़ी पर बड़ी संख्या में लोगों को एक साथ उत्सव मनाते देखना हमेशा याद रहेगा।

पहली बार पहुंचे शाश्वत को भाया दीपोत्सव का नजारा
दीपोत्सव के दसवें संस्करण में बनारस से पहली बार अयोध्या पहुंचे शाश्वत मिश्रा ने कहा कि अयोध्या का दीपोत्सव अपने आप में अद्भुत है। पूरे शहर में उत्सव का माहौल देखने को मिला। जगह-जगह जय श्रीराम के जयकारे गूंजते रहे। दीपों से सजी रामनगरी और यहां पहुंचे लोगों का उत्साह देखकर मन खुश हो गया।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here