Home देश चक्रवात अर्नब ओडिशा तट की ओर बढ़ा, कई इलाकों में तेज बारिश;...

चक्रवात अर्नब ओडिशा तट की ओर बढ़ा, कई इलाकों में तेज बारिश; छत्तीसगढ़-झारखंड में अलर्ट

15
0
Jeevan Ayurveda

anjanikhabar:

नई दिल्ली

Ad

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि चक्रवात 'अर्नब' पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है। इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 28 अक्टूबर की सुबह तक आंध्र प्रदेश और यनम के तटों (बापटला और विशाखापत्तनम के बीच, यनम के पास) को पार करने की संभावना है। 27 और 28 अक्टूबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में; 28 अक्टूबर को ओडिशा में; 28 और 29 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ में; तथा 29 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। ओडिशा में कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

चक्रवात अर्नब से तेज बारिश 
चक्रवात अर्नब से कई राज्यों में तेज बारिश का दौर शुरू हो चुका है. विशाखापत्तनम, श्रीकाकुलम, विजयनगरम में आंधी तूफान के साथ तेज बारिश हो रही है. वहीं आंध्र प्रदेश और ओडिशा के अलावा अब तमिलनाडु, तेलंगाना, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश में भी बारिश का अलर्ट है. यहां भी कई जिलों में मौसम बदलना शुरू हो गया है. तूफान कल दोपहर तक आंध्र और ओडिशा के तटों से टकराएगा. ऐसे में यहां प्रशासन की तरफ से टीमों को तैनात किया गया है। 

चक्रवात अर्नब से आंध्र प्रदेश में भारी बारिश 
चक्रवात अर्नब के असर की वजह से आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में सुबह से ही भारी बारिश हो रही है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 3 घंटों के दौरान आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली, श्रीकाकुलम, विशाखापत्तनम और विजयनगरम जिलों में कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 70 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती हैं. पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है. फिलहाल यह चक्रवात विशाखापत्तनम से लगभग 300 किमी, काकीनाडा से 360 किमी, मछलीपट्टनम से 460 किमी और बापटला से 530 किमी दूर स्थित है. इसके कल सुबह तक बापटला और विशाखापत्तनम के बीच यनम के पास तट को पार करने की संभावना है. आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रबंध निदेशक प्रखर जैन का कहना है कि आज और कल पूरे आंध्र प्रदेश में व्यापक बारिश होने की उम्मीद है। 

आंध्र प्रदेश और ओडिशा में अलर्ट 
तूफान अर्नब का सबसे ज्यादा असर आंध प्रदेश और ओडिशा में दिख रहा है. विशेषकर विशाखापत्तनम और यानम इलाके को अलर्ट पर रखा गया है. यहां मछली पकड़ने पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई है. ओड़िशा के दक्षिणी इलाके में सुबह से ही घने बादल हैं और यहां भारी बारिश की संभावना है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आज तटीय इलाकों में 70 से 95 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं. कल दोपहर तक तूफान अर्नब आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों से टकरा जाएगा. जिससे यहां भारी से भारी बारिश होने की संभावना है। 

इन राज्यों में बारिश की संभावना

    आंध्र प्रदेश
    ओडिशा
    तमिलनाडु
    तेलंगाना
    कर्नाटक
    केरल
    पश्चिम बंगाल

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा बुलेटिन के मुताबिक 27 अक्तूबर के दिन चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का ही असर दिखेगा. दक्षिण भारतीय राज्यों से यह पश्चिम की तरफ बढ़ेगा. ऐसे में कोलकाता समेत दक्षिण पश्चिम बंगाल के कई जिलों में गरज-चमक के साथ लगातार बौछारें गिर रही हैं, वहीं झारखंड और रांची में भी इस चक्रवात के प्रभाव से आसमान में बादल छाए हुए हैं और देर शाम तक तेज हवाओं के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना बनी हुई है. छत्तीसगढ़ में भी सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर और बस्तर जैसे इलाकों में आज तेज बारिश होने की पूरी संभावना है. मौसम विभाग ने इन राज्यों में भी रेड अलर्ट जारी किया है। 

दिल्ली-एनसीआर में बदल रहा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में भी पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर दिखना शुरू हो गया है. पिछले दिनों ही बारिश की वजह से मौसम साफ हुआ है, जिससे वायु गुणवत्ता स्तर में भी सुधार आया है. दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम में आज शाम से तापमान में और गिरावट होने की संभावना है, जिससे अगले 3 से 4 दिनों में यहां ठंड का असर और तेज हो जाएगा. आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाओं के चलने से सुबह और रात के समय में हल्की सिहरन महसूस हो रही है, जिससे अब रात में कूलर बंद हो चुके हैं, क्योंकि यहां कंबलों की जरुरत पड़नी शुरू हो गई है। 

अगले 2 दिन का मौसम

    आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी है. 
    कर्नाटक, महाराष्ट्र, गोवा, पश्चिम बंगाल, असम में बारिश का यलो अलर्ट है. 
    उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 2 दिनों तक बर्फबारी जारी रहेगी. 
    दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी. 

पहाड़ों पर बर्फबारी का अलर्ट 
मौसम विभाग ने पहाड़ों पर बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊंचे पहाड़ी दर्रों फिर से तेज बर्फबारी हो सकती है. केदारनाथ में रात का तापमान माइनस 8 डिग्री तक चला गया है. अगले एक हफ्ते में मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत के राज्यों में 4 से 5 डिग्री तापमान में गिरावट आएगी, जिसकी वजह से नवंबर की शुरुआत में ठंड का अच्छा असर दिखना शुरू हो जाएगा।  

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here