Home खेल तिलक वर्मा और नीतीश रेड्डी का तूफान, भारत ने न्यूजीलैंड को 4...

तिलक वर्मा और नीतीश रेड्डी का तूफान, भारत ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर सीरीज में बनाई 2-0 की बढ़त

18
0
Jeevan Ayurveda

anjanikhabar:

क्राइस्टचर्च
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेला गया. शनिवार (24 अक्टूबर) को आयोजित इस मुकाबले में भारत ने चार विकेट से जीत हासिल की. भारतीय टीम को जीत के लिए 181 रनों का टारगेट मिला था, जिसे उसने 19.5 ओवरों में हासिल कर लिया. भारतीय टीम की जीत में तिलक वर्मा की अहम भूमिक रही. तिलक ने नीतीश कुमार रेड्डी के साथ मिलकर बाजी पलट दी. दोनों ने सातवें विकेट के लिए 30 गेंदों पर नाबाद 69 रन जोड़े. तिलक ने 6 चौके और 1 छक्के की मदद से 26 गेंदों पर 51* रन बनाए. वहीं नीतीश ने 200 की स्ट्राइक रेट से नॉटआउट 26 रनों का योगदान दिया.

Ad

श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने इसी मैदान पर खेले गए टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराया था. उस मुकाबले में भारतीय टीम ने 226 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया था. अब भारतीय टीम ने दूसरा मुकाबला जीत सीरीज में 2-0 की लीड ले ली है. सीरीज का तीसरा मुकाबला 27 अक्टूबर को वेलिंगटन में खेला जाएगा.

ऐसी रही है भारत की बैटिंग
टारगेट का पीछा करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत उतनी अच्छी नहीं रही. संजू सैसमन सिर्फ 14 रन बनाकर चलते बने. संजू का विकेट जैकब डफी ने लपका. फिर नाथन स्मिथ ने वैभव सूर्यवंशी (4 रन) को पवेलियन भेज दिया, जो तीसरे नंबर पर बैटिंग करने उतरे थे. इसके बाद भारतीय टीम को अभिषेक शर्मा के रूप में सबसे बड़ा झटका लगा, जो कीवी कप्तान मिचेल सेंटनर की फिरकी में फंस गए. अभिषेक ने 3 चौके और एक सिक्स की मदद से 21 बॉल पर 27 रनों का योगदान दिया. सेंटनर यहीं नहीं रुके. उन्होंने एक ही ओवर में श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल को आउट कर भारत का स्कोर 70/5 कर दिया.

नमन धीर ने कुछ बड़े शॉट्स लगाकर भारत की उम्मीदें जगाईं, लेकिन मिचेल सेंटनर के जाल में वो भी फंस गए. नमन ने तीन छक्के और एक चौके की सहायता से सिर्फ 17 गेंदों पर 31 रनों का याोगदान दिया. 112 रनों पर छठा विकेट गिरने के बाद तिलक वर्मा का साथ देने नीतीश कुमार रेड्डी क्रीज पर उतरे. दोनों ने शुरुआत में संभल कर बल्लेबाजी की और फिर गियर बदला.

न्यूजीलैंड की पारी: फिलिप्स-जैकब्स के अर्धशतक

मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 5 विकेट पर 180 रन बनाए. न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही. अर्शदीप सिंह ने भारत को पहली सफलता दिलाई. पारी के दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर टिम सीफर्ट (7 रन) बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में अपना विकेट गंवा बैठे. अर्शदीप ने ऑफ स्टम्प के बाहर हार्ड लेंथ गेंद डाली, जिस पर सीफर्ट के बल्ले का निचला हिस्सा लगा. गेंद हवा में उछली और तिलक वर्मा ने कवर पर आसान कैच लपक लिया.

भारत को दूसरी सफलता भुवनेश्वर कुमार ने डेरिल मिचेल को 6 रनों पर आउट कर द‍िलाई, तिलक वर्मा ने एक बार फिर कवर पर कैच लपका. भुवनेश्वर का यह टी20 इंटरनेशनल में वापसी पर पहला व‍िकेट रहा. न्यूजीलैंड का तीसरा व‍िकेट 41 रनों पर फ‍िन एलन के रूप में ग‍िरा, उनको प्र‍िंस यादव ने 16 रनों पर बोल्ड किया.

यहां से ग्लेन फिलिप्स और बेवन जैकब्स ने चौथे विकेट के लिए 116 रन जोड़कर न्यूजीलैंड को अच्छे स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. फिलिप्स ने 4 चौके और 4 छक्के की मदद से 43 गेंदों पर 70 रनों का योगदान दिया. फिलिप्स पारी के 18वें ओवर में अर्शदीप सिंह की आखिरी गेंद पर आउट हुए. जैकब्स ने 46 बॉल पर 58 रन बनाए, जिसमें 5 चौके के अलावा एक सिक्स शामिल रहा. भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने सबसे ज्यादा दो विकेट झटके. वहीं भुवनेश्वर कुमार, प्रिंस यादव और नीतीश कुमार रेड्डी ने एक-एक सफलता हासिल की.

टीम इंड‍िया में दो बदलाव
टॉस के समय श्रेयस अय्यर ने कहा- हम पहले गेंदबाजी करेंगे. ओस एक वजह है. काफी अच्छा लगा, ठीक होने और नींद पूरी करने के लिए कुछ समय मिला. हर कोई अच्छी शेप में है. आक्रामकता बनाए रखना जरूरी है, लेकिन हमें प्रोएक्टिव रहना होगा और यह पक्का करना होगा कि हमें अंदर एक एक्स्ट्रा फील्डर की जरूरत ना पड़े. दो बदलाव किए हैं. ईशान चोटिल हैं और वैभव की एंट्री हुई है. वैभव नंबर-3 पर बैटिंग करेंगे. मयंक की जगह प्रिंस खेल रहे हैं, जो एक रणनीतिक बदलाव है. खास बात यह है कि टी20 में वैभव पहली बार नंबर 3 पर खेलेंगे.

दूसरे टी20 में भारत की प्लेइंग-11: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव.

दूसरे टी20 में न्यूजीलैंड की प्लेइंग-11: फिन एलन, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, बेवन जैकब्स, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सेंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, जैकब डफी, मैट हेनरी और लॉकी फर्ग्यूसन.

भारत और न्यूजीलैंड के बीच अबतक 33 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं. इस दौरान भारतीय टीम ने 19 मैचों में जीत हासिल की, जबकि न्यूजीलैंड ने 11 मुकाबले जीते. 3 मुकाबले टाई भी रहे हैं. हालांकि तीन टाई मैचों में से दो में सुपर ओवर हुआ था, जिसमें भारतीय टीम विजयी रही थी.

भारत बनाम न्यूजीलैंड (हेड टू हेड)
कुल टी20I मैच: 33
भारत ने जीते: 19
न्यूजीलैंड ने जीते: 11
टाई: 3

भारत का स्क्वॉड: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नमन धीर, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, प्रिंस यादव, मयंक यादव, कुलदीप यादव, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और वैभव सूर्यवंशी.

न्यूजीलैंड का स्क्वॉड: फिन एलन, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), डेवोन कॉन्वे (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, डेरिल मिचेल, माइकल ब्रेसवेल,(कप्तान), नाथन स्मिथ, काइल जेमिसन, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, जोश क्लार्कसन, जैकब डफी, बेवन जैकब्स, एडम मिल्ने और ब्लेयर टिकनर.

भारतीय टीम का न्यूजीलैंड दौरा
पहला टी20: 22 अक्टूबर, क्राइस्टचर्च, भारत 4 विकेट से जीता
दूसरा टी20: 24 अक्टूबर, क्राइस्टचर्च, दोपहर 12:30 बजे
तीसरा टी20: 27 अक्टूबर, वेलिंगटन, दोपहर 12:30 बजे
चौथा टी20: 30 अक्टूबर, ऑकलैंड, दोपहर 12:30 बजे
पांचवां टी20: 1 नवंबर, हैमिल्टन, दोपहर 12:30 बजे
पहला वनडे: 4 नवंबर, ऑकलैंड, सुबह 7:30 बजे
दूसरा वनडे: 7 नवंबर, वेलिंगटन, सुबह 7:30 बजे
तीसरा वनडे: 10 नवंबर, हैमिल्टन, सुबह 7:30 बजे
चौथा वनडे: 13 नवंबर, माउंट माउंगानुई, सुबह 7:30 बजे
पांचवां वनडे: 15 नवंबर, माउंट माउंगानुई, सुबह 7:30 बजे
पहला टेस्ट: 19 से 23 नवंबर, वेलिंगटन, सुबह 3:30 बजे
दूसरा टेस्ट: 27 से 1 द‍िसंबर, क्राइस्टचर्च, सुबह 3:30 बजे

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here