Home मनोरंजन क्या खत्म हो जाएगी गोकुलधाम सोसायटी? वायरल वीडियो के बाद असित मोदी...

क्या खत्म हो जाएगी गोकुलधाम सोसायटी? वायरल वीडियो के बाद असित मोदी ने खोला राज

13
0
Jeevan Ayurveda

'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' पिछले करीब 17 सालों से दर्शकों का पसंदीदा शो बना हुआ है. इस लंबे सफर में कई कलाकार बदले, कई किरदारों ने शो को अलविदा कहा और कई नए चेहरे भी जुड़े, लेकिन एक चीज जो हमेशा दर्शकों के दिल में खास जगह बनाए रही, वो है गोकुलधाम सोसायटी. यही वो जगह है जहां जेठालाल, भिड़े, पोपटलाल, अय्यर, डॉ. हाथी और बाकी सभी किरदारों की रोजमर्रा की मजेदार कहानियां जन्म लेती हैं.

लेकिन हाल ही में सामने आए एक वीडियो ने शो के फैंस की टेंशन बढ़ा दी. वीडियो में गोकुलधाम सोसायटी के सेट पर बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ होती नजर आ रही है. चारों तरफ मजदूर काम करते दिखाई दे रहे हैं, वहीं पूरे सेट को बल्लियों और फट्टों से ढक दिया गया है. ये नजारा देखकर कई फैंस घबरा गए और सवाल पूछने लगे कि क्या गोकुलधाम सोसायटी हमेशा के लिए खत्म की जा रही है?

Ad

वायरल वीडियो ने बढ़ाई फैंस की  चिंता
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में गोकुलधाम सोसायटी का वही मशहूर सेट दिखाई देता है, जिसे दर्शक पिछले कई सालों से टीवी पर देखते आ रहे हैं. लेकिन इस बार सेट पर शूटिंग नहीं, बल्कि कंस्ट्रक्शन का काम चलता नजर आ रहा है. जगह-जगह दीवारों और स्ट्रक्चर पर काम हो रहा है.

वीडियो वायरल होते ही फैंस ने तरह-तरह के कयास लगाने शुरू कर दिए. किसी ने पूछा कि सेट क्यों टूट रहा है, क्या शो बंद होने वाला है, तो किसी ने कहा कि क्या अब गोकुलधाम का पूरा सेट बदल जाएगा.

असित मोदी ने खुद बताया क्या है पूरा मामला
फैंस की बढ़ती चिंता के बीच शो के प्रोड्यूसर असित कुमार मोदी ने खुद सामने आकर पूरी सच्चाई बता दी. उन्होंने साफ किया कि गोकुलधाम सोसायटी को हमेशा के लिए नहीं तोड़ा जा रहा, बल्कि उसका रेनोवेशन किया जा रहा है.

वीडियो में असित मोदी कहते हैं- देखिए, जो हो रहा है, वो अच्छे के लिए हो रहा है. गोकुलधाम सोसायटी का रेनोवेशन हो रहा है. कुछ दिनों बाद आप इसे बिल्कुल नए रंग-रूप और नए अवतार में देखेंगे. भगवान से प्रार्थना है कि आपको गोकुलधाम का ये नया अंदाज जरूर पसंद आए.

वीडियो में असित मोदी पूरे काम का जायजा लेते भी नजर आते हैं. वो वहां मौजूद इंजीनियरों, सुपरवाइजर और मजदूरों से बातचीत करते हैं और काम को सुरक्षित तरीके से पूरा करने की हिदायत भी देते हैं.

पहले से ज्यादा शानदार दिखेगी गोकुलधाम
जानकारी के मुताबिक, गोकुलधाम सोसायटी के सेट को आधुनिक लुक देने की तैयारी की जा रही है.  सेट के कई हिस्सों को नया डिजाइन दिया जाएगा ताकि दर्शकों को पहले से ज्यादा आकर्षक और फ्रेश विजुअल एक्सपीरियंस मिल सके. हालांकि, शो की पहचान बने गोकुलधाम को पूरी तरह बदलने की योजना नहीं है. शो में पहले भी एक बार सोसायटी का रेनोवेशन कराया जा चुका है, जिसे मजेदार एपिसोड्स में दिखाया गया था. यानी दर्शकों को वही अपनी पसंदीदा गोकुलधाम सोसायटी देखने को मिलेगी, लेकिन नए और बेहतर अंदाज में.

साल 2008 में शुरू हुआ 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' भारतीय टीवी का सबसे लंबे समय तक चलने वाले कॉमेडी शोज में शामिल है. इतने सालों में शो के किरदारों के साथ-साथ गोकुलधाम सोसायटी भी दर्शकों के परिवार का हिस्सा बन चुकी है. ऐसे में इस सेट का नया रूप देखना फैंस के लिए भी किसी सरप्राइज से कम नहीं होगा.

अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि रेनोवेशन के बाद गोकुलधाम सोसायटी आखिर किस नए अंदाज में दर्शकों के सामने आएगी.

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here