Home ट्रेंडिंग घर पर बनाएं होटल जैसे गाढ़े और स्वादिष्ट छोले, जानें आसान ट्रिक

घर पर बनाएं होटल जैसे गाढ़े और स्वादिष्ट छोले, जानें आसान ट्रिक

13
0
Jeevan Ayurveda

कोई त्योहार हो या फिर बर्थडे पार्टी या फिर कोई मेहमान ही क्यों न आना हो एक डिश ऐसी होती है जिसका नाम दिमाग में सबसे पहले आता है. वो है छोले. छोले ऐसी डिश है, जो पिछले कई दशकों से पार्टीज से लेकर त्योहारों तक में जायके का तड़का लगाने का काम करती है. छोलों का नाम सुनते ही गरमा-गरम भटूरे, कुल्चे या पूड़ी याद आ जाते हैं. लेकिन घर पर छोले बनाते समय अक्सर एक परेशानी हो जाती है कि उनकी ग्रेवी लाख कोशिशों के बाद भी पतली रह जाती है.

स्वाद तो ठीक होता है, लेकिन उनमें वो होटल जैसा मजा नहीं आता. अगर आप भी चाहते हैं कि आपके छोले बिल्कुल रेस्टोरेंट स्टाइल स्वादिष्ट और गाढ़े बनें, तो कुछ छोटे-छोटे किचन ट्रिक्स बहुत काम आ सकते हैं. खास बात ये है कि छोलों को रेस्टोरेंट जैसा गाढ़ा बनाने के लिए इसमें कोई महंगी चीज नहीं डालनी होती, बल्कि बस इसमें डलने वाले मसालों और पानी के माप का ध्यान रखना होता है.
इसके लिए मसालों को सही तरीके से भूनना और पानी का सही इस्तेमाल करना जरूरी है. चलिए जानते हैं कैसे घर पर बनने वाले छोलों को बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसा गाढ़ा और स्वादिष्ट बनाएं.

Ad

छोले बनाने के लिए इंग्रेडिएंट्स:

छोले उबालने के लिए
    1 कप काबुली चना (रातभर भिगोया हुआ)
    2 कप चाय वाला पानी
    1 कप साधारण पानी
    1 तेजपत्ता
    1 बड़ी इलायची
    2-3 लौंग
    थोड़ा दालचीनी
    चुटकीभर हींग
    स्वादानुसार नमक

खास चना मसाला बनाने के लिए
    1 बड़ा चम्मच अजवाइन
    1 बड़ा चम्मच जीरा
    3 बड़े चम्मच अनारदाना

ग्रेवी के लिए
    2 प्याज बारीक कटे हुए
    1 कप टमाटर प्यूरी
    3-4 बड़े चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
    2-3 हरी मिर्च
    2 छोटे चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च
    2 छोटे चम्मच धनिया पाउडर
    1 छोटा चम्मच कसूरी मेथी
    तेल या घी
    हरा धनिया

छोले उबालते समय करें ये काम
अगर आप रेस्टोरेंट जैसे छोले बनाना चाहते हैं तो आपको उबालने के लिए सादा पानी नहीं, बल्कि खास तरह का पानी लेना है. रेस्टोरेंट वाले छोले का रंग और स्वाद अलग इसलिए होता है क्योंकि छोलों को चाय वाले पानी में उबाला जाता है. मशहूर शेफ कुणाल कपूर बताते हैं इसके लिए 1.5 टेबलस्पून चायपत्ती को पानी में उबालकर कुकर में छान लें और उसी पानी में हींग, नमक भी डालें. इसके बाद 6-7 सीटी आने तक छोले पकाएं. इससे छोले का रंग गहरा और स्वाद ज्यादा बढ़िया आता है.

ऐसे तैयार करें होटल जैसा मसाला
रेस्टोरेंट जैसा छोटे मसाला बनाने के लिए सबसे पहले अजवाइन, जीरा और अनारदाना को तवे पर हल्का सूखा भून लें. जब अच्छी खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें और ठंडा होने पर इसे पीस लें. यही मसाला छोले को बाजार जैसा स्वाद देता है.

ग्रेवी गाढ़ी बनाने का आसान तरीका
कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें अदरक-लहसुन पेस्ट डालकर भूनें. फिर प्याज डालकर अच्छी तरह गोल्डन ब्राउन होने तक पकाएं. अब तैयार मसाला, लाल मिर्च और धनिया पाउडर डालें. थोड़ा पानी मिलाकर मसाले को तब तक पकाएं जब तक तेल ऊपर न दिखने लगे. इसके बाद टमाटर प्यूरी डालें और धीमी आंच पर अच्छे से भूनें. यही स्टेप छोले की ग्रेवी को रिच और गाढ़ा बनाता है.

ये ट्रिक छोले को बनाएगी ज्यादा गाढ़ा
जब छोले उबल जाएं तो उनमें से थोड़ा हिस्सा निकालकर पीस लें और वापस ग्रेवी में मिला दें. इससे ग्रेवी बिना किसी कॉर्नफ्लोर या क्रीम के अपने आप गाढ़ी हो जाती है. ऊपर से वही पानी डालें जिसमें छोले उबाले थे, क्योंकि उसमें छोले का स्वाद और स्टार्च दोनों होता है.

आखिर में लगाएं ये तड़का
जब छोले पककर गाढ़े हो जाएं, तब उसके ऊपर कसूरी मेथी, हरा धनिया और चाहें तो थोड़ा घी का तड़का डाल दें. इससे छोले की खुशबू और स्वाद दोनों कई गुना बढ़ जाते हैं. अब इन्हें भटूरे, कुल्चे, नान या जीरा राइस के साथ गरमा-गरम सर्व करें.

 

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here