Home मध्य प्रदेश सिवनी NH-44 पर बवाल: गाड़ी रोकने पर निहंग सिखों ने टोलकर्मियों को...

सिवनी NH-44 पर बवाल: गाड़ी रोकने पर निहंग सिखों ने टोलकर्मियों को तलवार की मूठ और डंडों से पीटा

23
0
Jeevan Ayurveda

सिवनी

नेशनल हाईवे 44 (जबलपुर-नागपुर एनएच) में जिले के लखनादौन थाना अंतर्गत मड़ई टोल में निहंग सिखों के तीन वाहनों को रोकना टोल कर्मियों को भारी पड़ गया। टोल भरने की बात को लेकर निहंग सिखों व कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान कार से उतरकर जत्थे में शामिल कुछ निहंग सिखों ने टोल कर्मियों से मारपीट कर दी। इसके तत्काल बाद तीनों कार वाहन में सवार होकर निहंग सिखों का जत्था मौके से रवाना हो गया।

Ad

घटना शुक्रवार सुबह की बताई जा रही है, जिसका सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा हैं। जानकारी के अनुसार निहंग सिखों का जत्था पंजाब से महाराष्ट्र के नांदेड़ जा रहा था, जो 20 मार्च की सुबह 9.40 मड़ई टोल में तीन वाहनों (पीबी 01 एफ 8387 टेम्पो ट्रैवलर, पीबी 09 एआर 4181 तथा पीबी 09 एपी 5266) में सवार होकर पहुंचा था।

बगैर टोल दिए वाहन निकालने व बूम बैरियर तोड़ने का प्रयास

टोल कर्मियों का आरोप है कि निहंग सिखों ने बगैर टोल का भुगतान किए वाहनों को निकालने का प्रयास किया, इस दौरान बूम बैरियर तोड़कर का प्रयास किया गया। रोकने पर कार सवार निहंग सिखों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जिसके बाद विवाद बढ़ गया। कार से उतरकर पांच-छह निहंग सिखों लोगों ने टोल प्रभारी मुनेश सिंह बघेल से मारपीट शुरू कर दी।

तलवार की मूठ, बेसबाल डंडों, लात, घूंसों से मारपीट की गई, जिससे मुनेश चोटिल हो गया। टोल प्लाजा पर अन्य कर्मियों के एकत्रित होने के बाद निहंग सिख अपने वाहनों में सवार होकर महाराष्ट्र की ओर भाग निकले। पूरा घटनाक्रम टोल में लगे सीसीटीवी कैमरों में दर्ज हुई है, इसके आधार पर पुलिस आरोपितों की पहचान करने में जुटी है।

टोल मैनेजर की शिकायत पर जांच कर रही पुलिस

मड़ई टोल प्लाजा के मैनेजर अमित कुमार गुप्ता ने पुलिस थाना लखनादौन थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपितों पर मारपीट का प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने टोल प्रबंधन की शिकायत को जांच में लिया है। मारपीट कर मड़ई से खवासा की ओर निहंग सिखों के संबंध में टोल प्रबंधन ने कुरई पुलिस को तत्काल सूचना दी गई।

जानकारी के अनुसार कुरई पुलिस ने महाराष्ट्र की ओर जा रहे वाहनों में सवार निहंग सिखों को रोककर पूछताछ की गई, जिसमें मड़ई टोल कर्मियों पर अभद्रता करने का आरोप लगाया गया है। बाद में निहंग सिखों का वाहन खवासा टोल पार कर महाराष्ट्र नांदेड़ रवाना हो गया। थाना प्रभारी केपी धुर्वे ने बताया कि टोल कर्मियों से मारपीट मामले की जांच सीसीटीवी फुटेज से की जा रही हैं।

फुटेज में निहंग सिख नजर आ रहे हैं। टोल कर्मियों पर शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया जा रहा है। इधर टोल मैनेजर का कहना है कि ऐसी घटनाओं से कर्मचारियों में असुरक्षा का माहौल बनता है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए।

ट्रेनों में करते हैं मुफ्त यात्रा

जानकारी के अनुसार निहंग सिख देश की ट्रेनों में मुफ्त यात्रा करते हैं। निहंग रोज गुरबानी का पाठ करते हैं। बाणे में रहते हैं। अपना चोला और उसके साथ धारण किए जाने वाले सभी अस्त्र-शस्त्र धारण करना। सभी निहंग शस्त्र विधा में पारंगत होते हैं। इस विधा में हमले करने और रोकने की जरूरी तकनीक शामिल है।

निहंग सिख गुरु ग्रंथ साहिब को मानने के साथ श्री दशम ग्रंथ साहिब व सरबलोह ग्रंथ को भी मानते हैं। निहंगों में भी अलग-अलग समूह होते हैं, जिनमें ब्रह्मचर्य तथा गृहस्थ जीवन का पालन करने वालों का भी अपना-अलग समूह है। निहंग सिख आमतौर पर अमृत धारण किए होते हैं।

आए दिन होते मड़ई टोल में विवाद

जानकारी के अनुसार नेशनल हाईवे 44 में स्थित मड़ई तथा खवासा टोल प्लाजा में आए दिन वाहन चालकों से टोल कर्मियों की कहासुनी व विवाद की घटना होती रहती हैं। प्रदेश व जिले के बाहर से आए कर्मचारी बड़ी संख्या में टोल प्लाजा में तैनात रहते हैं, जिन पर वाहन चालकों से अभद्रता करने का आरोप अक्सर लगता रहता हैं।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here