देश

वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य को मिलेगी सुक्खू कैबिनेट में जगह? आज होना है हिमाचल मंत्रिमंडल का विस्तार

हिमाचल
रविवार को हिमाचल कैबिनेट का विस्तार होने जा रहा है। संभावना जताई जा रही है कि इसमें सात से आठ मंत्री शपथ ले सकते हैं। इस खबर के बाद एक सवाल बार-बार उठ रहा है कि क्या हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह को कैबिनेट में जगह मिलेगी? कांग्रेस सूत्रों से मिली खबरों के अनुसार, इस विस्तार में विक्रमादित्य सिंह शपथ लेंगे। हिमचाल प्रदेश के मुख्यमंत्री शनिवार को दिल्ली में आलाकमान से मुलाकात के बाद हिमाचल लौटे हैं। विक्रमादित्य सिंह के साथ कांग्रेस के सात और विधायक मंत्रिपद की शपथ ले सकते हैं

किन नामों की है चर्चा
रविवार को होने वाले मंत्रिमंडल विस्तार में कांग्रेस के सात से आठ विधायकों के शपथ लेने की संभावना जताई जो रही है। मंत्रिपद की शपथ लेने वालों में जो नाम सबसे आगे चल रहे हैं उनमें शिलाई से पांच बार के विधायक हर्षवर्धन चौहान का नाम भी शामिल है। विक्रमादित्य सिंह और हर्षवर्धन चौहान के अलावा भी कई नाम इस रेस में आगे चल रहे हैं जिनमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता धनी राम शांडिल, जगत सिंह नेगी और रोहित ठाकुर के नाम भी शामिल हैं।

विक्रमादित्य सिंह के नाम की सबसे ज्यादा चर्चा
वैसे तो हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल विस्तार में कई नाम शामिल हैं लेकिन जिन नामों की सबसे ज्यादा चर्चा है उसमें विक्रमादित्य सिंह का नाम सबसे ऊपर है। चूंकि विक्रमादित्य सिंह हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के कद्दावर नेता वीरभद्र सिंह के बेटे हैं। विक्रमादित्य ने 2022 में हुए विधानसभा चुनावों शिमला ग्रामीण सीट से जीत दर्ज की थी।

सुक्खू ने आलाकमान से की थी मुलाकात
शनिवार को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान से मुलाकात की थी। मीटिंग में AICC महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल और हिमाचल प्रदेश के प्रभारी राजीव शुक्ला भी मौजूद थे। सुक्खू ने बताया कि, उन्होंने आलाकमान को दस नामों की लिस्ट सौंपी है। आलाकमान से मंजूरी मिलने के बाद वो नामों की घोषणा करेंगे।

दिसंबर में हुआ था शपथग्रहण 
हिमाचल में कांग्रेस की जीत के बाद 11 दिसंबर को शिमला में शपथ ग्रहण समारोह हुआ था। इस समारोह में सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मुख्यमंत्री और मुकेश अग्निहोत्री ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। शिमला के रिज मैदान में हुए इस शपथ ग्रहण समारोह में राहुल गांधी के साथ कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे।

कांग्रेस ने जीती थीं 40 सीटें
2022 में हुए हिमाचल विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने 40 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इसी चुनाव में शिमला ग्रामीण सीट से विक्रमादित्य सिंह ने भी जीत दर्ज की थी। अब उनके नाम की मंत्रिमंडल में शामिल होने की चर्चा हो रही है।
 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button