राजनीति

गुजरात में बदला AAP का कप्तान,हार के बाद गढ़वी को कमान

गांधीनगर

गुजरात विधानसभा चुनाव में दावों के अनुरूप प्रदर्शन करने में नाकाम रही आम आदमी पार्टी (आप) ने प्रदेश में अपना कप्तान बदल दिया है। मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बनाए गए इसुदान गढ़वी को नया प्रदेश अध्यक्ष चुना गया है। वहीं, अब तक इस जिम्मेदारी को संभालने वाले गोपाल इटालिया का भी सम्मान बरकरार रखते हुए उन्हें राष्ट्रीय भूमिका में लाया गया है। इटालिया को राष्ट्रीय संयुक्त सचिव बनाते हुए महाराष्ट्र में सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।

राष्ट्रीय महासचिव संगठन संदीप पाठक की ओर से जारी नियुक्ति सूचना में नए बदलावों की जानकारी दी गई है। इसुदान गढ़वी के साथ छह वर्किंग प्रेजिडेंट्स की नियुक्ति की गई है। अप्लेश कठीरिया को सूरत जोन का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। छैतर वसावा को साउथ गुजरात जोन की जिम्मेदारी दी गई है। रमेश पटेल को नॉर्थ गुजरात जोन, जगमाल वाला को सौराष्ट्र जोन, जेवल वसरा को मध्य गुजरात और कैलाश गढ़वी को कच्छ जोन का वर्किंग प्रेजिडेंट बनाया गया है।

अध्यक्ष बनाए जाने के बाद इसुदान गढ़वी ने ट्वीट किया, 'हम सब पर भरोसा करने के लिए अरविंद केजरीवाल जी का बहुत-बहुत धन्यवाद हम लोगों की सेवा करने और पार्टी को मजबूत करने के लिए अथक प्रयास करते रहेंगे! नई जिम्मेदारी के लिए गोपाल भाई और पूरी टीम को बधाई!' वहीं गोपाल इटालिया ने कहा, 'एक छोटे से साधारण युवा को पहले प्रदेश अध्यक्ष और अब राष्ट्रीय जिम्मेदारी के साथ महाराष्ट्र प्रदेश का प्रभार सौंपकर मेरे ऊपर विश्वास किया है। मैं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और हमारे आदर्श अरविंद केजरीवाल जी और संदीप पाठक जी का बहुत बहुत धन्यवाद करता हूं।'

आम आदमी पार्टी ने पहली बार गुजरात में सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। 182 सदस्यीय विधानसभा में 'आप' के पांच उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया और सीएम फेस रहे इसुदान गढ़वी को भी हार का सामना करना पड़ा। हालांकि,'आप' को करीब 13 फीसदी वोट मिले और पार्टी तीसरी ताकत के रूप में उभरी है। पार्टी अब यहां 2024 लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर तैयारी में जुटी है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button