छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में कल तक होगी बूंदाबादी, 7-8 जनवरी को पड़ेगी कड़ाके की ठंड

रायपुर
छत्तीसगढ़ के मौसम ने फिर अचानक करवट ली है। राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में सुबह से हो रही हल्की बारिश ने ठंड बढ़ा दी है। शहर से लेकर गांव तक कोहरा छाया हुआ है। दुर्ग जिले के तापमान में 9 डिग्री की गिरावट आई है। ठंड के बीच लोग घर से रेन कोट और छाता लेकर निकल रहे हैं। बेहद हल्की बूंदों की वजह से अधिकांश इलाकों में धुंध छाई रही। ऐसे में जनजीवन प्रभावित हुआ है। ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग का अनुमान है बूंदाबादी का यह मौसम गुरुवार शाम तक बना रहेगा। उसके बाद मौसम साफ होगा। 7 और 8 जनवरी को न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। इसकी वजह से कड़ाके की ठंड का एहसास होगा।

रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया, प्रदेश में उत्तर की ओर से ठंडी और शुष्क हवा का आना जारी है। दो दिनों से बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवा भी आने लगी है। रायपुर और दुर्ग संभाग के जिलों में उसका सम्मिलन बिंदु है। यानी इस क्षेत्र में अलग-अलग प्रकृति की हवा टकरा रही है। नमी वाली हवा के संपर्क में आने से स्थानीय स्तर पर ही बादल बने हैं। यह बादल घने नहीं हैं। इनकी ऊंचाई केवल 150 मीटर की है। ऐसे में रायपुर और दुर्ग संभाग के जिलों में बूंदाबादी हो रही है।

सरगुजा और बिलासपुर संभाग में भी बादलों का प्रभाव है। बुधवार रात से इनका असर कम होना शुरू हो जाएगा। गुरुवार शाम तक बादलों के छंट जाने की संभावना बन रही है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शुक्रवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट तेज होगी। 7 और 8 जनवरी को न्यूनतम तापमान में बड़ी गिरावट हो सकती है। संभावना है कि उन दो-तीन दिनों में इस सीजन की सबसे अधिक ठंड पड़े।

अंबिकापुर के स्कूलों में 3 दिन की छुट्टियां

ठंड के प्रकोप को देखते हुए बलरामपुर के बाद अब अंबिकापुर में भी स्कूलों में छुट्टी के आदेश दिया गये हैं। अंबिकापुर में 3 दिनों तक छुट्‌टी घोषित की गई है। 7 जनवरी तक छुट्टी के आदेश दिये गये हैं। 7 जनवरी तक प्राथमिक से लेकर उच्चतर माध्यमिक स्कूल बंद रहेंगे। कलेक्टर कुंदन कुमार ने आदेश जारी किया। ठंड के कारण बच्चों की तबियत नहीं बिगड़े, इसलिए सरगुजा जिला प्रशासन ने विंटर वेकेशन को बढ़ाने का फैसला लिया है। वहीं घने कोहरे के कारण स्कूल बसों को भी आने-जाने में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इससे हादसों की आशंका भी लगातार बनी हुई है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी से चल रही ठंडी हवाओं के कारण ऐसी स्थिति बनी है। बुधवार को बारिश होने से दुर्ग जिले के तापमान में गिरावट आई है। वहीं अन्य जिलों का अधिकतम तापमान 3 डिग्री तक लुढ़का है। न्यूनतम तापमान में कोई खास गिरावट दर्ज नहीं की गई है।

बलरामपुर के स्कूलों में दो दिन की छुट्टी
बलरामपुर कलेक्टर विजय दयाराम के. ने ठंड के कारण बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए 4 और 5 जनवरी को सभी निजी व शासकीय स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। हालांकि पहले से ही सुबह की पाली के स्कूल 9 बजे से लग रहे हैं। दिनभर शीतलहर चलने व आगामी दो दिनों में तापमान में और गिरावट के मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए कलेक्टर ने यह आदेश जारी किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button